हिसार : पांच वर्षीय बिछड़े बच्चे को एक घंटे में परिजनों से मिलाया
ऑपरेशन मुस्कान के तहत 12 क्वार्टर चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हिसार, 20 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस चौकी 12 क्वार्टर की
टीम ने घर से बिछड़े पांच वर्षीय बच्चे को महज एक घंटे में उसके परिजनों से मिला दिया।
बच्चे की पहचान विहान के रूप में हुई है।
चौकी प्रभारी एएसआई राकेश कुमार ने रविवार काे बताया कि पुलिस टीम को करीब पांचच वर्षीय
बच्चा मिला था। बच्चा अपना नाम विहान बता रहा था, लेकिन घर का पता और परिजनों के बारे
में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस
ने तुरंत उसकी पहचान और परिजनों की तलाश शुरू की। टीम ने आसपास के क्षेत्र में जानकारी
जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली और लगातार प्रयास करते हुए करीब एक घंटे में बच्चे
के परिजनों का पता लगा लिया। इसके बाद बच्चे को सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया गया।
बच्चे के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने चौकी टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा
कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अपील
की कि बच्चा गुम होने या किसी स्थान पर अकेला मिलने की स्थिति में तत्काल पुलिस को
सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर