हिसार : पुलिस ने लाखों के गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने व्यक्तिगत रूप
से लौटाए मोबाइल
हिसार, 20 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस की साइबर सेल
ने तकनीक और सतर्कता का बेहतरीन समन्वय पेश करते हुए 15 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए
हैं। इन मोबाइल्स की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक
कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसपी सिद्धांत जैन ने इन फोनों को उनके वास्तविक
मालिकों को सुपुर्द किया।
साइबर सेल प्रभारी वीएसआई अमित और उनकी टीम
ने गुमशुदा मोबाइल की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आईएमईआर ट्रैकिंग, लोकेशन
विश्लेषण और डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया। गहन डेटा विश्लेषण और निरंतर फॉलो-अप
के कारण पुलिस इन हैंडसेट्स को रिकवर करने में सफल रही।
पुलिस ने 15 मालिकों को उनके मोबाइल फोन वापिस
किए। इनमें डाटा निवासी रोहित, मॉल कॉलोनी मॉडल टाउन निवासी लेतेश, ढाणी सीसवाल निवासी
सुंदर, आजाद नगर निवासी सूबेसिंह, उकलाना मंडी निवासी शिल्पा, स्याहड़वा निवासी मनोज,
सातरोड खास निवासी रश्मि, सातरोड निवासी विवेक व श्यामसुख निवासी हरीश व अन्य शामिल
रहे।
जनसेवा में ही तकनीक की सार्थकता : सिद्धांत
जैन
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा
कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। गुम हुए मोबाइल
लौटाना केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह जनता के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता
और जवाबदेही का प्रतीक है। हमारी साइबर टीम न केवल अपराध रोकने, बल्कि नागरिकों की
व्यक्तिगत राहत के लिए भी पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर