सोनीपत में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट मिला
सोनीपत, 11 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
जिला के गांव दातौली में शुक्रवार को हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी जय सिंह
ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड
नोट भी मिला है।
जय सिंह
करीब दो साल पहले हरियाणा पुलिस में ईएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह गांव
में रहकर खेतीबाड़ी करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस के अनुसार,
सुसाइड नोट में जय सिंह ने गांव के ही सत्ता पर 22 लाख रुपये वापस नहीं करने का आरोप
लगाया है। नोट में लिखा है कि उन्होंने सत्ता को 22 लाख रुपये दिए थे। रुपये वापस मांगने
पर वह आनाकानी करने लगा। आरोप है कि रुपये मांगने उसके घर जाने पर जय सिंह के साथ मारपीट
की गई और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। सुसाइड नोट में इन्हीं परिस्थितियों
से परेशान होकर जान देने की बात लिखी गई है।
बड़ी
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू
कर दी गई है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्वजनों के बयान के आधार पर
आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की जांच
की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजनों के बयान के आधार पर मामले में आगे की
कार्रवाई होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना