हिसार के कृष्ण सातरोड़ को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए वॉर रूम अध्यक्ष की जिम्मेदारी
एनएसयूआई से शुरू हुआ राजनीतिक सफर, युवा कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर तक निभाई
संगठनात्मक जिम्मेदारियां
हिसार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तराखंड
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय
सचिव एवं हिसार जिला परिषद के पूर्व सदस्य कृष्ण सातरोड़ को पार्टी के वॉर रूम अध्यक्ष
की जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति के साथ ही सातरोड़ उत्तराखंड में चुनाव संबंधी
गतिविधियों के समन्वय, संगठनात्मक तैयारियों और पार्टी की चुनावी रणनीति को प्रभावी
ढंग से आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कृष्ण सातरोड़ ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस के छात्र संगठन भारतीय
राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) से की थी। छात्र राजनीति से शुरुआत कर युवा कांग्रेस
में राष्ट्रीय स्तर तक जिम्मेदारियां निभाने और जिला परिषद सदस्य के रूप में जनप्रतिनिधित्व
करने तक का उनका सफर संगठन के विभिन्न स्तरों पर सक्रिय भागीदारी का परिचायक है। उन्होंने
वर्ष 2004 से 2006 तक हिसार के जाट कॉलेज में एनएसयूआई अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।
इसके बाद वर्ष 2010 तक संगठन में जिला महासचिव और जिला उपाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों
पर अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। छात्र संगठन में सक्रिय भूमिका के बाद उन्होंने हरियाणा
प्रदेश युवा कांग्रेस में भी अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया और महासचिव के
पद पर कार्य किया।
सातरोड़ ने मार्च 2020 से जून 2021 तक भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय
सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा, वह वर्ष 2021 से 2025 के कार्यकाल
के लिए हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इस चुनाव में
उन्हें तीन लाख वोट मिलने की जानकारी दी गई है, जो युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव
में उनकी सक्रियता को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर