जींद : नगर पालिका एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में किया प्रदर्शन

 


जींद, 30 अगस्त (हि.स.)। नगर पालिका एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में रविवार को सीटू कार्यकर्ताओं, विभिन्न यूनियनों ने मिलकर शहर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया और कर्मचारियों की मांगों को लागू करने की मांग की। प्रदर्शन में आशा वर्कर्स, ग्रामीण सफाई कर्मचारी, निर्माण मजदूर, मनरेगा मजदूर, वन विभाग मजदूर, क्रेच वर्कर्स, मिड डे मील वर्कर्स सहित विभिन्न स्कीम वर्कर्स ने भाग लिया।

प्रदर्शन से पहले नेहरू पार्क में रोष सभा का आयोजन किया गया। रोष सभा को संबोधित करते हुए कपूर सिंह, सचिव संदीप जाजवान ने कहा कि नगरपालिका एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल किसी शौक का परिणाम नहीं है बल्कि सरकार की वादाखिलाफी के कारण कर्मचारियों को आंदोलन के रास्ते पर आने के लिए मजबूर होना पड़ा है। सरकार ने 13 मई 2026 को कर्मचारियों के साथ समझौता किया था लेकिन तय समय सीमा के बावजूद समझौते को लागू करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

मांग पत्र के अनुसार समझौते में नगरपालिका, निगम एवं परिषदों में कार्यरत करीब 13,093 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने तथा लगभग 6,800 रिक्त पदों को भरने सहित विभिन्न मांगों पर सहमति बनी थी। आशा वर्कर्स यूनियन से नीलम, राजबाला, पवन व यशपाल ने कहा कि ठेका एवं अस्थायी कर्मचारियों को रोजगार सुरक्षा देने, न्यूनतम वेतन, ईएसआई और पीएफ जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा अग्निशमन विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने जैसे मुद्दे भी समझौते का हिस्सा थे।

इसके बावजूद सरकार द्वारा समझौते को लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस बेरुखी से कर्मचारियों में भारी रोष है। सरकार को दमन का रास्ता अपनाने के बजाय कर्मचारियों के साथ किए गए समझौते को लागू करना चाहिए। मांग पत्र में भी सीटू ने सरकार के रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा गया कि कर्मचारियों को दोबारा हड़ताल पर जाने के लिए सरकार ने ही मजबूर किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा