सोनीपत : सड़क सुरक्षा बैठक में अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश
फरवरी में 1426 चालान, जाम व अवैध
निर्माण पर पर समीक्षा बैठक
सोनीपत, 30 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
लघु सचिवालय में एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा
कमेटी व डीटीपी की मासिक बैठक हुई। बैठक में फरवरी माह के चालान, जाम की समस्या
तथा अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मजबूत
करने और जाम मुक्त यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम
ने सोमवार को बैठक में संबंधित विभागों को सीआरपीएफ कैंप के पास सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव को प्राथमिकता
से दुरुस्त कर शीघ्र एटीआर जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले
की किसी भी सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए ताकि लोगों को सुगम यात्रा मिल सके।
फरवरी माह में कुल 1426 चालान किए गए। इनमें ओवर स्पीड के 66, बिना हेलमेट 227, बिना
सीट बेल्ट 197, वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग के दो, नशे में वाहन चलाने के 99, अंडरएज
ड्राइविंग के पांच, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 386 और ब्लैक फिल्म के 114 चालान शामिल
हैं। आरटीए विभाग ने 330 चालान किए। अधिकारियों को ओवर स्पीड, रैश ड्राइविंग और रॉन्ग
साइड ड्राइविंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एनएचएआई
अधिकारियों को एनएच-44 पर बीसवां मील सर्विस लेन पर अवैध रूप से चल रही टायर पंचर दुकानों
और गन्ने के जूस के ठेलों को तीन दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि
इनसे जाम की स्थिति बनती है और आमजन परेशान होते हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने
और फुट ओवर ब्रिज निर्माण पर भी चर्चा हुई। गांधी चौक से बस अड्डा, मामा भांजा चौक
से गीता भवन चौक तथा मुरथल अड्डा से सब्जी मंडी सहित कई हॉटस्पॉट पर जाम रोकने के निर्देश
दिए गए। केजीपी मार्ग के साथ लगते साइड वेंडरों को हटाने के आदेश दिए गए।
डीटीपी
बैठक में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की समीक्षा हुई। डीटीपी अजमेर सिंह ने बताया कि
26 फरवरी से 30 मार्च तक आठ अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए और छह शिकायतें हरियाणा राज्य
प्रवर्तन ब्यूरो मिमारपुर के एसएचओ को भेजी गईं। इस दौरान सात हजार 920 रुपये विध्वंस
शुल्क वसूला गया। एसएमडीए डीटीपी नीलम शर्मा ने बताया कि इसी अवधि में तीन अवैध निर्माण
ध्वस्त किए गए और दो शिकायतें दर्ज की गईं। फिरोजपुर बांगर और खरखौदा में विशेष अभियान
भी चलाया गया। बैठक में कंट्रोल एरिया और अर्बन एरिया से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा
हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना