हिसार : स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी : प्रो. बीआर कम्बोज

 


हकृवि में लगा मेगा स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य

जांच और दिए जरूरी परामर्श

हिसार, 29 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कैंपस अस्पताल में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विश्वविद्यालय

के शिक्षकों, कर्मचारियों व अन्य लोगों ने विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों के विशेषज्ञ

चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच करवाकर परामर्श लिया।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने मंगलवार काे कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन व्यक्ति की कार्यक्षमता

तथा बेहतर जीवन के लिए आवश्यक हैं। बदलती जीवनशैली, असंतुलित खान-पान, बढ़ते कार्य

दबाव और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याएं सामने

आ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए समय-समय

पर स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई गंभीर बीमारियों के शुरुआती लक्षण

सामान्य दिखाई देते हैं, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। नियमित जांच से बीमारियों

की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार शीघ्र शुरू किया जा सकता है।

उन्होंने संतुलित आहार,

नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान

किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य

के प्रति प्रतिबद्ध है। इस प्रकार के शिविर लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श

लेने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान

करते हैं।

कैंपस अस्पताल की एसएमओ डॉ. प्रीति मलिक ने बताया कि शिविर में हृदय स्वास्थ्य,

हड्डियों एवं जोड़ों की समस्याओं, महिलाओं के स्वास्थ्य तथा आहार एवं पोषण से संबंधित

परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने रोगों की रोकथाम, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ

जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.

दिनेश सहगल, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अमित सैनी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. इशिका नैन, डाइटीशियन

डॉ. सुमन चौधरी, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. रितेश गुप्ता, डॉ. मनोज व डॉ. कुलदीप ने सेवाएं

प्रदान कीं। प्रो. काम्बोज ने सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के चिकित्सकों एवं उनकी

टीम का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर