हिसार : एएसआई व युवक के हत्याराें की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से परिजनाें का इनकार

 


हर्ष फायरिंग में दिल्ली पुलिस कांस्टेबल की मौत

का मामला

पुलिस ने दर्ज किया था गैर इरादतन हत्या का केस

हिसार, 26 सितंबर (हि.स.)। नारनौंद उपमंडल के

गांव सिंघवा खास में जलवा पूजन कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने

से दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अमरजीत की मौत के मामले में परिजन पुलिस कार्रवाई से

संतुष्ट नहीं हैं। परिजनों ने गांव में तैनात हरियाणा पुलिस के एएसआई सुरेंद्र और युवक

मनोज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने तथा दोनों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों

ने शनिवार काे स्पष्ट कर दिया है कि जब तक दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव

का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। शव अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गांव सिंघवा खास निवासी अंकित

के घर बेटा पैदा होने पर जलवा पूजन कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम में जींद जिले

के सफीदों क्षेत्र के गांव रोजला निवासी अमरजीत अपनी पत्नी रिंकू के साथ शामिल होने

आया था। कार्यक्रम के दौरान डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई,

जो अमरजीत के पैर में जा लगी। गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। घायल अमरजीत

को उपचार के लिए भिवानी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत

को देखते हुए चिकित्सकों ने हिसार रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी हिसार पहुंचे

और उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात अमरजीत की

मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन

परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। मृतक की पत्नी रिंकू का कहना है कि

जब तक दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता,

तब तक वह शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएगी।

पुलिस ने मृतक की पत्नी रिंकू की शिकायत पर गांव

सिंघवा खास निवासी हरियाणा पुलिसकर्मी सुरेंद्र और भिवानी जिले के गांव गुजरानी निवासी

मनोज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। अब परिजन हत्या की धारा में

मामला दर्ज करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

बास थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग

के दौरान हुई मौत के मामले में केस दर्ज किया गया था। परिजन अब हत्या का मामला दर्ज

करने की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस दोबारा उनके बयान दर्ज करेगी और बयानों के आधार

पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस

पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर