हांसी के चानौत में जल विवाद:सीएम जल्द करेंगे दौरा,ग्रामीणों को दिया भरोसा

 


सीएम के इनकार के बाद धरने पर चर्चा के बाद लेगी

कमेटी फैसला

हांसी, 25 जून (हि.स.)। भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन

से टी-कनेक्शन की मांग पर 40 दिन से धरने पर बैठे चानौत गांव के ग्रामीणों की 11 सदस्यीय

कमेटी गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी से चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर मिली। सीएम

ने स्पष्ट किया कि संबंधित पाइपलाइन से कनेक्शन देना वर्तमान कानून के तहत संभव नहीं

है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि

स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार

इसे पूरी तरह निभाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनका हिसार दौरा प्रस्तावित है। वह

हिसार आने पर गांव चानौत भी आएंगे। सीएम ने दोहराया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास

कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

बैठक के बाद धरना कमेटी ने कहा कि वे धरनास्थल

पर पहुंचकर आंदोलन में शामिल लोगों और ग्रामीणों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद ही

आंदोलन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इससे पहले शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पीडब्ल्यूडी

मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधायक विनोद भयाना और आईजी कुलदीप सिंह के साथ ग्रामीणों

की बैठकें हो चुकी हैं। सरकार ने साफ किया था कि अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही

पाइपलाइन से गांव को कनेक्शन देना संभव नहीं है।

सरकार ने ग्रामीणों के सामने जल जीवन मिशन के

तहत खरकड़ी हेड या राजली हेड से चानौत के लिए अलग स्वतंत्र पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव

रखा है। इस योजना में अलग बिजली लाइन, बिजली बाधित होने पर जनरेटर और 50 हॉर्स पावर

की अतिरिक्त मोटर लगाने की बात कही गई है, ताकि गांव को निर्बाध पेयजल मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर