पानीपत: उपायुक्त ने ली रिफाइनरी में अधिकारियों और कंपनियाें के प्रमुख ठेकेदारों की बैठक

 


पानीपत, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत रिफाइनरी में मजदूरों के विवाद के बाद डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने मंगलवार को पानीपत रिफाइनरी में एलएनटी, टोयो व अन्य प्रमुख कंपनियों के ठेकेदारों और श्रमिकों के विवाद को सुलझाने के लिए रिफाइनरी से संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक ली। उन्हाेंने सख्त निर्देश दिए कि श्रमिकों के साथ कोई भी भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कंपनियां के ठेकेदार उनका शोषण करना बंद करें और श्रमिकों द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करना सुनिश्चित करें।

डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने उपस्थित सभी कंपनी ठेकेदारों को सख्त हिदायत दी की श्रमिकों द्वारा आठ घंटे की ड्यूटी वेतन, हर माह एक से सात तारीख के बीच में वेतन और सरकार द्वारा घोषित मिनिमम लेबर रेट के अनुसार दिया जाना सुनिश्चित करें। अगर आठ घंटे से ज्यादा काम लिया जाता है तो ओवरटाइम भी दिया जाए। इसके साथ-साथ जितने भी राष्ट्रीय स्तर के अवकाश होते हैं वह भी मिलने सुनिश्चित किए जाएं। रिफाईनरी द्वारा बड़ी-बड़ी कंपनियों को काम अलॉट किया गया है और वे ठेकेदार श्रमिकों से काम लेते हैं। इसलिए यह जिम्मेदारी रिफाईनरी की ना होकर कम्पनीयों के ठेकेदारों की बनती है कि वे श्रमिकों द्वारा रखी गई सभी मांगों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की ओर से बाथरूम और पीने के पानी की व्यवस्था करने की भी मांग आई है जिसे हर हाल में दुरुस्त किया जाए।

डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि रिफाइनरी में बहुत सारे असंगठित क्षेत्र के श्रमिक है और इन पर किसी भी तरह का लाठी चार्ज करना ठीक नहीं है। लाठी चार्ज किसी भी समस्या का कोई समाधान नहीं है इसलिए सौहार्दपूर्ण दायित्व के साथ अपनी जिम्मेदारी समझे और श्रमिकों के साथ भेदभाव पूर्ण रवैया छोडक़र उनकी सभी मांगों को पूरा करें और सभी कंपनियों के ठेकेदार सभी मांगों को पूरा करने का एक लिखित आश्वासन भी दें और उसे प्रमुख स्थानों पर भी चस्पा करवाएं। यही नहीं उस लिखित आश्वासन को श्रमिकों तक भिजवाएं ताकि वह आश्वस्त हो सकें कि कंपनी के ठेकेदारों द्वारा उनकी मांगों को मान लिया गया है। रिफाइनरी के ईडी एमएल डेहरिया ने डीसी डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह को आश्वस्त किया कि उन द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों की अनुपालना की जाएगी। बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, डीएसपी राजवीर सहित रिफाइनरी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा