हरियाणा के सभी जिलों में रेडक्रॉस खोलेगी लैब

 


सीजीएचएस रेट पर किए जाएंगे टेस्ट

चंडीगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से जिला सेंटरों पर लैब खोली जाएंगी।

रेडक्रॉस की ओर से पीपीपी मोड पर लैब का संचालन किया जाएगा और सीजीएचएस (केंद्र सरकार स्वास्थ्य योजना) रेट पर श्रमिकों, गरीब और आमजन के टेस्ट किए जाएंगे। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाएगी, बल्कि सिविल अस्पतालों में बढ़ती मरीजों की भीड़ को कम करने में भी कारगर साबित होगी।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने रविवार को जारी जानकारी में बताया कि सिविल अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की भीड़ को कम करने और रियायती दरों पर बीमारियों की टेस्ट सुविधा मुहैया करवाने के लिए जिला स्तर पर लैब खोलने का फैसला लिया है।

अंकुश मिगलानी ने स्पष्ट किया कि जिला कार्यालयों में लैब स्थापित होने से लोगों को दूर-दराज के निजी केंद्रों पर महंगे टेस्ट करवाने की मजबूरी से राहत मिलेगी। पीपीपी मोड पर संचालित होने वाली जिला लैब में टेस्ट सीजीएचएस दरों पर किए जाएंगे, जिससे श्रमिकों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही जिला सिविल अस्पतालों के साथ भी समन्वय बनाया जाएगा और अस्पतालों में बढ़ रही भीड़ को कम करने में रेडक्रॉस की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से जेआरसी (जूनियर रेडक्रॉस कैंप) की राशि बच्चों की सुविधाओं पर खर्च होगी। इसके लिए मुख्यालय से टीम गठित की है, जोकि जिलों में जेआरसी का फंड एकत्रित करेगी। फिलहाल, 13 जिलों के लिए टीमें गठित की हैं, जोकि जिलेवार दौरा जेआरसी से संबंधित गतिविधियों का मुआयना करेंगी और जेआरसी को प्रभावी बनाने के लिए बच्चों से संवाद करेंगी। वहीं, जेआरसी से जो राशि मिलेगी, वह सीधे रेडक्रॉस नहीं, बल्कि बच्चों की सुविधाओं पर खर्च होगी। इनमें बच्चों को टाट-पट्टी मुहैया करवाने के साथ वाटर कैंपर, डेस्क, डिजिटल बोर्ड, गरीब बच्चों को बैग, जूते व वर्दी सहित उनकी फीस भी भरेगी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा