रेडक्रॉस अब ड्राइविंग टेस्ट सेंटर संचालित करेगी

 

चंडीगढ़, 01 मार्च (हि.स.)। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी जनसेवा के साथ अब सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग लाइसेंस प्रणाली का भी जिम्मा संभालेगी। परिवहन विभाग की ओर से जिला स्तर पर स्थापित किए जाने वाले जिला ट्रेनिंग सेंटर (ड्राइविंग टेस्ट ग्राउंड) को जिला रेडक्रॉस सोसायटी के जरिये संचालित किया जाएगा। जल्द ही परिवहन विभाग और रेडक्रॉस के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) होगा।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी लर्निंग लाइसेंस बनने से पहले होने वाले एमसीक्यू टेस्ट (यातायात नियमों से जुड़ा टेस्ट) का संचालन करेगी। इसको लेकर परिवहन विभाग की ओर से रेडक्रास को जिला सेंटरों के संचालन की मंजूरी दे दी गई है। इन सेंटरों का संचालन जिला उपायुक्त के माध्यम से रेडक्रॉस करेगी।

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने जिला ट्रेनिंग सेंटर का संचालन रेडक्रॉस के जरिये करने का प्रस्ताव परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजा था। विभाग की ओर से रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन के प्रस्ताव पर निर्णय लिया है कि जिला ट्रेनिंग सेंटर (ड्राइविंग टेस्ट ग्राउंड) का संचालन के लिए हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी और परिवहन विभाग के बीच एमओयू होगा, जिसमें संचालन के मानक तय होंगे।

इसके साथ ही परिवहन विभाग के एसीएस की ओर रेडक्रॉस को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया कि इस पहल से ड्राइविंग प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और प्रभावी बनाया जाएगा। एमओयू में प्रशिक्षण केंद्रों के संचालन, संसाधनों के उपयोग, वित्तीय प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था से जुड़े सभी बिंदुओं को तैयार किया जाएगा।

परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से रेडक्रॉस को भेजे पत्र में कहा गया है कि इन प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और संचालन संबंधित जिला उपायुक्तों के माध्यम से जिला रेडक्रॉस सोसायटियों द्वारा किया जाएगा। इससे स्थानीय प्रशासन की प्रत्यक्ष निगरानी बनी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि जिला उपायुक्त, जिला रेडकॉस सोसायटी के चेयरमैन होते हैं। परिवहन विभाग की ओर से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए यातायात और सडक़ सुरक्षा से जुड़े नियमों को लेकर ऑनलाइन मॉक कंप्यूटर टेस्ट अनिवार्य किया गया है। सोसायटी को प्रति लर्निंग लाइसेंस टेस्ट पर 180 रुपये की आमदन होगी। हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी का कहना है कि रेडक्रॉस लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के अभ्यार्थियों को एमसीक्यू टेस्ट के साथ फस्र्ट एड ट्रेनिंग सर्टिफिकेट भी देगी। यह सर्टिफिकेट कोर्स एक सप्ताह का होगा। फस्र्ट सर्टिफिकेट के बाद ही अभ्यार्थी लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा