सोनीपत में होगी 30 विशेष पुलिस अधिकारियों की भर्ती, 11 सितंबर तक करें आवेदन
सोनीपत, 04 सितंबर (हि.स.)। पुलिस
आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर पुलिस कमिश्नरेट सोनीपत में विशेष पुलिस अधिकारी के
30 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 7 से 11 सितंबर तक पुलिस
लाइन सोनीपत स्थित रोजनामचा एवं कल्याण शाखा में आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन
7 सितंबर को सुबह 10 बजे से 11 सितंबर को शाम 5 बजे तक कार्यालय समय में लिए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए जिला स्तर पर चयन बोर्ड बनाया
गया है। पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सोनाक्षी सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, इसकी अध्यक्षता
करेंगी।
भर्ती
में पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तथा हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा
बल और हरियाणा सशस्त्र पुलिस के पूर्व सिपाहियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों
को नियुक्ति से पहले 15 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आवेदन
के समय अभ्यर्थियों को मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी प्रमाणित छायाप्रतियां जमा करनी
होंगी। इनमें जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और सैन्य सेवा से संबंधित प्रमाण पत्र,
सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र, ए श्रेणी का चिकित्सा प्रमाण पत्र तथा चार पासपोर्ट आकार
के फोटो शामिल हैं।
आवेदक
को सेवाकाल में अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सीय अस्वस्थता के कारण सेवा से हटाया
गया न हो। सेवानिवृत्ति के समय उसकी चिकित्सा श्रेणी ए होनी चाहिए। सेना में सक्रिय
सशस्त्र सेवा करने वालों को प्राथमिकता मिलेगी। अभ्यर्थी की सेना में कम से कम पांच
वर्ष की सेवा और आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होना जरूरी है। पुलिस ने पात्र अभ्यर्थियों
से निर्धारित समय में आवेदन जमा करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना