हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के दस छात्रों को पांच नामी कंपनियों से मिला जॉब ऑफर
ऑन-कैंपस और ई-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में मिली बड़ी सफलता, कुलपति बोले— गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
का मिला प्रतिफल
हिसार, 04 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के विद्यार्थियों ने एक बार फिर प्लेसमेंट के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की
है। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित ऑन-कैंपस एवं ई-कैंपस
प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विभिन्न संकायों के 10 विद्यार्थियों का चयन पांच प्रतिष्ठित
कंपनियों में हुआ है। इस सफलता ने विश्वविद्यालय की उद्योगोन्मुखी शिक्षा, कौशल विकास
और मजबूत कॉर्पोरेट नेटवर्क को एक बार फिर साबित किया है।
इस प्लेसमेंट अभियान में वाट-ऑवर सिस्टम्स, जिंदल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड,
जय भारत गम एंड केमिकल्स लिमिटेड, चैंपियंस-11 क्रिकेट लीग तथा शर्मन जैन फूड्स प्राइवेट
लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के
बाद विद्यार्थियों को नियुक्ति के प्रस्ताव दिए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने चयनित विद्यार्थियों को
बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ विश्वविद्यालय
की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार
किए जा रहे शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योग और
शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी को लगातार मजबूत कर रहा है, ताकि विद्यार्थियों को
बेहतर करियर अवसर उपलब्ध हो सकें।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट
टॉक, एप्टीट्यूड टेस्ट, तकनीकी साक्षात्कार और एचआर इंटरव्यू जैसे विभिन्न चरण शामिल
थे। सभी कंपनियों के अनुभवी एचआर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मूल्यांकन कर चयन
किया। उन्होंने प्लेसमेंट अभियान के सफल आयोजन में विभागाध्यक्षों और विभागीय प्लेसमेंट
समन्वयकों के सहयोग की भी सराहना की।
सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह के अनुसार, बीटेक प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी
के मनीष और राहुल का चयन वाट-ऑवर सिस्टम्स में हुआ। बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के
साहिल, एमटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के अनिल कुमार डोगरा, बीटेक (सीएसई-एआईएमएल) के
कुणाल किरोड़ी तथा एमसीए के मनीष कुमार का चयन जिंदल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने
किया।
इसी प्रकार एमबीए की आंचल सिंगला को जय भारत गम एंड केमिकल्स लिमिटेड, बीटेक
(सीएसई-एआईएमएल) के उमानंद और बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) के आदित्य राज को चैंपियंस-11
क्रिकेट लीग, जबकि बीवोक के पीयूष भूटानी को शर्मन जैन फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में
नियुक्ति का अवसर मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर