हिसार : पुलिस ने 600 लीटर लाहन व 40 लीटर कच्ची शराब कर डाली नष्ट
स्वेट टीम-1 एवं डॉग स्क्वॉड टीम की बड़ी कार्रवाई
हिसार, 18 जून (हि.स.)। स्वेट टीम-1 एवं डॉग स्क्वॉड
टीम द्वारा संयुक्त रूप से गांव पीरांवाली में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान
के दौरान टीम को अवैध शराब निर्माण से संबंधित 600 लीटर लाहन तथा 40 लीटर कच्ची शराब
बरामद हुई। जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार को कहा
कि जिले में नशा एवं अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई
की जा रही है। उन्होंने गांव पीरांवाली सहित जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे
नशे और अवैध शराब के कारोबार से दूर रहें तथा इस प्रकार की किसी भी गतिविधि की सूचना
तुरंत पुलिस को दें।
एसपी ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे
परिवार और समाज को खोखला कर देता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक
गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी में संलिप्त
व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। जिले को नशामुक्त
बनाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है तथा आमजन के सहयोग से इस अभियान को और अधिक प्रभावी
बनाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर