पानीपत: समालखा के व्यवसायी काे बिश्नोई गैंग से मिली रंगदारी की धमकी
पानीपत, 06 मार्च (हि.स.)। समालखा स्थित प्रवाह मोहल्ला के एक व्यवसायी को रॉयल बिश्नोई गैंग के एक गुर्गे द्वारा धमकी देते हुए 25 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की गई है। धमकी मिलने के बाद डरे सहमे व्यवसायी ने समालखा थाना पुलिस को शिकायत देकर अपने व परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। साथ ही व्यवसायी ने पुलिस को गुर्गे द्वारा की गई रंगदारी कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना पुलिस को दी शिकायत में संदीप बंसल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को रॉयल बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और उसने उनसे 25 लाख रुपए की मांग की। बदमाश ने धमकी देते हुए कहा कि दो दिन के भीतर फिरौती की रकम तैयार रखना, इसके लिए उनके पास सिर्फ दो दिन का समय है। व्यवसायी संदीप बंसल ने गैंग के गुर्गे को बताया कि वह एक मध्यमवर्गीय कारोबारी हैं, इसलिए पैसे देने में असमर्थ है । इस धमकी भरे कॉल के बाद से वह और उनका परिवार दहशत व डर के साए में जी रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा है, इसलिए उन्हें तुरंत पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए और कॉल करने वाले गुर्गे को अविलंब गिरफ्तार किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा