हिसार में व्यापारी व बेटे से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी
रोहित गिरोह
के नाम पर विदेशी नंबर से आया वॉइस मैसेज
15 दिन में
एक ही परिवार के तीन लोगों को धमकी
हिसार,
16 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के कारोबारियों में एक के बाद एक रंगदारी मांगने की मामले
सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में अर्बन एस्टेट निवासी प्रमुख व्यापारी आनंद गोयल और
उनके बेटे को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल व वॉइस मैसेज भेजकर पांच करोड़ रुपये की
रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी की रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी
दी गई है।
फोन करने
वाले ने खुद को रोहित गिरोह का सदस्य बताया है। मात्र 15 दिन के भीतर एक ही परिवार
के तीन लोगों से रंगदारी मांगने की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार बुरी तरह सहमा हुआ
है और सुरक्षा को लेकर दहशत में है। बता दें कि इससे पहले गत 29 सितंबर को आनंद गोयल
के भाई व पेट्रोल पंप व्यवसायी प्रमोद गोयल से भी पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी
गई थी। मात्र पखवाड़े भर के भीतर एक ही परिवार के भाइयों और भतीजों को निशाना बनाए
जाने से व्यापारियों में भारी रोष है। डर के कारण पीड़ित परिवार फिलहाल मीडिया के सामने
आने से बच रहा है। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग शुक्रवार
को पीड़ित व्यापारी के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
व्यापारी
नेता बजरंग गर्ग ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि रंगदारी मांगने
के मामले में आनंद गोयल ने पुलिस को शिकायत दी है। आनंद गोयल ने पुलिस को दी शिकायत
में बताया कि अर्बन एस्टेट टू निवासी हैं। 15 अक्टूबर को शाम करीब 4.20 बजे वह अपने
बेटे अनिरद्ध, अर्पित के साथ गांव चौधरीवास स्थित अपनी फैक्टरी पर थे। हमारे तीनों
के फोन पर एक विदेशी नंबर से व्हाटस एप कॉल आई। जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि रोहित
फतेहपुरिया बोल रहा हूं। आपके भाई प्रमोद कुमार से पांच करोड़ रुपये मांगे हुए हैं।
अगर वह नहीं दिए तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। विदेशी नंबर से व्हाटस एप पर कॉल
में सामने वाले गाली गलौज वाली भाषा का उपयोग करते हुए कहा कि पैसे नहीं दिए तो पूरे
परिवार को जान से मार देंगे। कॉल कट गई तो कुछ देर बाद उनके व्हाटस एप पर रिकार्डिड
वाइस मैसेज भेजा। आनंद गोयल ने इस बारे में आजाद नगर थाना पुलिस को शिकायत दी है।
कई कारोबारियों
से मांगी जा चुकी है रंगदारी
हरियाणा प्रदेश
व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने पत्रकारों से बातचीत करते कहा कि थोड़े-थोड़े
अंतराल के बाद शहर में व्यापारियों और कारोबारियों से रंगदारी मांगने की कई घटनाएं
सामने आई हैं। पिछले दिनों आदमपुर के एक व्यापारी से 25 करोड़ रुपये, अन्य व्यापारी
से 2 करोड़ रुपये, थोक कपड़ा व्यापारी से 5 करोड़ रुपये और बिल्डर सुरेंद्र जांगड़ा
से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। गर्ग ने कहा कि गत
29 सितंबर को पेट्रोल पंप व्यवसायी प्रमोद गोयल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी
थी। मात्र 15 दिनों के भीतर उसके भाई व भतीजे से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है
गिरफ्तारी
नहीं हुई तो बाजार बंद करने की चेतावनी
हरियाणा प्रदेश
व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने चेतावनी दी कि पुलिस ने प्रमोद गोयल
और आनंद गोयल से रंगदारी मांगने के मामलों में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया
तो व्यापारी हिसार सहित पूरे हरियाणा में बंद और प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया
कि अपराधी जेलों और विदेशों में बैठकर भी कारोबारियों को धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने
सरकार से व्यापारियों और उद्योगपतियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
गर्ग ने कहा कि फिरौती मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए,
ताकि कारोबारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
पुलिस अधीक्षक
सिद्धांत जैन ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुरुआती
जांच में जब धमकी भरे रिकॉर्डेड वॉइस मैसेज की आवाज की जांच करवाई गई, तो वह आवाज उस
व्यक्ति की नहीं निकली जिसका नाम लेकर धमकी दी गई थी। पुलिस मामले की गंभीरता से हर
पहलू पर जांच कर रही है ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर