सिरसा: व्यापारी से लाखों की फिरौती मांगी

 

सिरसा, 20 जून (हि.स.)। जिले के कालांवाली क्षेत्र में एक व्यापारी से 15 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। व्यापारी को पिछले कुछ दिनों में तीन अलग-अलग विदेशी मोबाइल नंबरों से कॉल कर जान से मारने की धमकी मिल रही थी। फिरौती मांगने की धमकी मिलने के बाद व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

व्यापारी मक्खन सिंह ने शनिवार को बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने रुपए नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार आ रही धमकी भरी कॉलों से व्यापारी और उसका परिवार भय के माहौल में है। पीड़ित व्यापारी ने मामले की सूचना कालांवाली पुलिस के साथ-साथ पंजाब पुलिस को भी दी है। व्यापारी का कहना है कि उसने सभी कॉल रिकॉर्ड और नंबर पुलिस को उपलब्ध करवा दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। व्यापारी ने कालांवाली पुलिस में शिकायत दी, जिस पर पुलिस अधिकारियों ने घटना का संबंध पंजाब क्षेत्र से बताते हुए वहां मामला दर्ज करवाने की बात कह, उसे वापस भेज दिया। इसके बाद व्यापारी मक्खन ने पंजाब पुलिस से भी संपर्क किया और बठिंडा एसपी से मुलाकात की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma