अब अनाज भंडारण पर निजी कब्जे की तैयारी:रणदीप सुरजेवाला
खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही भाजपाचंडीगढ़, 30 मई (हि.स.)। राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर देश की खाद्य सुरक्षा को निजी कंपनियों के हाथों सौंपने का आरोप लगाया है।
सुरजेवाला ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के जरिए खेती-किसानी पर नियंत्रण स्थापित करने में असफल रही भाजपा सरकार अब साइलो सिस्टम के माध्यम से देश के अनाज भंडारण तंत्र पर कब्जा करवाने की साजिश रच रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि देश का अनाज भंडारण तंत्र ‘अडानी एग्री लॉजिस्टिक लिमिटेड’ और ‘लीप इंडिया फूड एंड लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड’ जैसी कंपनियों के हाथों में केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 5 जून 2020 को अध्यादेश के माध्यम से लाए गए तीन कृषि कानूनों का देशभर के किसानों ने विरोध किया था। लगभग दो वर्षों तक चले किसान आंदोलन और 700 से अधिक किसानों की शहादत के बाद केंद्र सरकार को 19 नवंबर 2021 को इन कानूनों को वापस लेना पड़ा। लेकिन कांग्रेस नेता का आरोप है कि सरकार की नीयत नहीं बदली और उसी सोच का नया स्वरूप साइलो परियोजना के रूप में सामने आया है।
सुरजेवाला के अनुसार, वर्ष 2021 के अंत में एफसीआई के माध्यम से लगभग 20,000 करोड़ रुपये की लागत से 60 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाले साइलो कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उन्होंने दावा किया कि प्रारंभिक मसौदे में एकाधिकार रोकने के लिए एंटी-मोनोपोली प्रावधान शामिल था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया। इसके परिणामस्वरूप 2022 से 2025 के बीच जारी टेंडरों में दो कंपनियों ने 16,500 करोड़ रुपये से अधिक के अनुबंध हासिल कर लिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि 134 प्रस्तावित साइलो में से 110 के ठेके इन्हीं दो कंपनियों को दिए गए, जिससे देश की कुल भंडारण क्षमता का लगभग 78 प्रतिशत हिस्सा उनके नियंत्रण में आ जाएगा। कांग्रेस पार्टी खाद्य सुरक्षा के निजीकरण के प्रयासों का पुरजोर विरोध करेगी तथा किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा