राज्य सभा में क्रास वोटिंग के आरोपी विधायकों पर जल्द होगी कार्रवाई
-अनुशासन समिति ने बैठक में तैयार की रिपोर्ट, हाईकमान को भेजी जाएगी सिफारिशें
चंडीगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में हालही में हुए राज्य सभा चुनाव के दौरान क्रास वोटिंग के आरोपी पांच विधायकों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुई अनुशासन समिति की बैठक में अब तक के घटनाक्रम पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की गई। हरियाणा में 16 मार्च को हुए राज्य सभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बोद्ध चुनाव तो जीत गए थे लेकिन पांच विधायकों पर क्रास वोटिंग के आरोप लगे।
पार्टी ने विधायक नारायणगढ़ विधायक शैली गुर्जर, सढ़ौरा विधायक रेणु बाला, हथीन विधायक मोहम्मद इसरायल तथा पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास को 18 मार्च को नोटिस जारी कर दिया। इसके बाद 20 मार्च को रतिया विधायक जरनैल सिंह को भी नोटिस जारी कर दिया गया। इस बीच मोहम्मद इसरायल तथा मोहम्मद इलियास ने नोटिस का जवाब नहीं दिया, जबकि तीन अन्य विधायकों द्वारा नोटिस का जवाब दे दिया गया। विधायकों के मुद्दे पर अंतिम निर्णय के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इस बैठक में समिति के सदस्य सचिव रोहित जैन के अलावा सदस्य अकरम खान, कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक अनिल धंतोड़ी ने भाग लिया। करीब दो घंटे चली बैठक के दौरान उस समय स्थिति गंभीर हो गई जब विधायक शैली गुर्जर और रेणु बाला वहां पहुंची और उन्होंने कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने की बात कही। हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनो विधायक कमेटी के समक्ष पेश हुई और क्रास वोटिग पर अपना पक्ष रखा।
बैठक के बाद अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक ने कहा कि क्रॉस वोट करने वाले विधायकों के आरोपों व उनके द्वारा भेजे गए पत्रों का अवलोकन किया गया है। दो विधायकों ने आज कमेटी के समक्ष आकर अपना पक्ष रखा है। दो विधायकों की तरफ़ से कोई जवाब नहीं आया है,जिससे यह साफ़ होता है कि उन्होंने क्रॉस वोट किया है। एक अन्य विधायक का भी लिखित जवाब आया है। इन सभी बातों के मद्देनजऱ अगले 24 घंटे में आला कमान को अपनी सिफारिशों के साथ रिपोर्ट भेज दी जाएगी। जिसके आधार पर केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि कब तक और क्या कार्रवाई करनी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा