हिसार में मिलावटी घी की आशंका पर सीएम फ्लाइंग ने भरे सैंपल
जीएसटी लाइसेंस में दर्ज पते से अलग स्थान पर
कारोबार करने का भी खुलासा
आठ ब्रांडों के 32 सैंपल लेकर लैब में भेजे
हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। मिलावटी घी की आशंका
पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर
27-28 स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। यहां आठ अलग-अलग ब्रांडों का करीब 6952 लीटर
पैक्ड देसी घी मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी की गुणवत्ता जांचने के लिए 32 सैंपल
लिए हैं। इन्हें प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही घी में मिलावट की
पुष्टि हो सकेगी। वहीं, जांच के दौरान गोदाम संचालक के खाद्य सुरक्षा लाइसेंस और जीएसटी
रिकॉर्ड में भी खामियां सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच में जीएसटी लाइसेंस में दर्ज
पते से अलग स्थान पर कारोबार किए जाने की बात सामने आई है। कराधान विभाग ने भी अपने
स्तर पर रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी है।
रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज
सुनैना ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हिसार-2 सतीश, खाद्य सुरक्षा अधिकारी
काजल, एएसआई सुरेंद्र और हेड कांस्टेबल विजय शामिल रहे। सीएम फ्लाइंग रेंज इंचार्ज सुनैना के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर शुक्रवार काे औचक
छापेमारी की गई। जांच के दौरान गोदाम में आठ ब्रांडों का करीब 6952 लीटर पैक्ड घी मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यहां से ऑनलाइन माध्यम से ग्राहकों को घी बेचा जा रहा
था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी काजल ने आठों ब्रांडों के कुल 32 सैंपल लेकर जांच के लिए
प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की। रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और मिलावट
की स्थिति स्पष्ट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर