सोनीपत: दिल्ली हॉर्स शो में राई स्कूल ने जीते 35 पदक, कुलपति ने पीठ थपथपाई
सोनीपत, 06 अप्रैल (हि.स.)। राई
में स्थित मोतीलाल खेल स्कूल के खिलाड़ियों ने दिल्ली हॉर्स शो एवं जूनियर राष्ट्रीय
घुड़सवारी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 35 पदक जीतकर संस्थान का मान बढ़ाया
तो कुलपति ने सोमवार को पीठ थपथपाई। आर्मी
पोलो एंड राइडिंग क्लब में 22 मार्च से चार अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर
की 40 से अधिक टीमों ने भाग लिया। इनमें पीपीएस नाभा, एनडीए, मेयो कॉलेज, पंजाब पुलिस,
61 कैवलरी और एआरसी मुंबई जैसी प्रतिष्ठित टीमें शामिल रहीं। प्रतियोगिता में शो जंपिंग,
ड्रेसेज, टेंट पेगिंग और हॉर्स मैनेजमेंट जैसी स्पर्धाओं में युवा घुड़सवारों ने अपने
कौशल का दमदार प्रदर्शन किया।
मोतीलाल
खेल स्कूल राई के 29 प्रतिभागियों, जिनमें 15 लड़के और 14 लड़कियां शामिल थीं, ने उत्कृष्ट
प्रदर्शन किया। जूनियर नेशनल स्पर्धा में एशु राणा ने स्वर्ण पदक और रवि ने रजत पदक
हासिल किया। वहीं दिल्ली हॉर्स शो में टीम ने 4 स्वर्ण, 10 रजत और 19 कांस्य पदक जीतकर
कुल 35 पदकों का गौरवपूर्ण आंकड़ा छुआ। यह उपलब्धि न केवल खेल भावना को मजबूत करती
है, बल्कि विद्यार्थियों में घुड़सवारी के बढ़ते उत्साह को भी दर्शाती है।
कुलपति
अशोक कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते
हुए कहा कि ये पदक केवल धातु नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में लगभग सात खेलों में खेल कोटा से प्रवेश दिए जाएंगे
और चयनित खिलाड़ियों को विद्यालय तथा विश्वविद्यालय दोनों के प्रशिक्षकों से नई तकनीक
सीखने का अवसर मिलेगा।
प्रधानाचार्य
रामधारी शर्मा और खेल अधिकारी चन्द्र शेखर शर्मा ने प्रशिक्षक नरेन्द्र सिंह राणा की
सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों का अनुशासन, निरंतर अभ्यास और टीम भावना भविष्य
में उन्हें बड़े लक्ष्यों की ओर प्रेरित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना