रघुबीर सिंह खिंडा बने सिरसा बार एसोसिएशन के प्रधान
सिरसा, 11 सितंबर (हि.स.)। जिला बार एसोसिएशन सिरसा के शुक्रवार को हुए चुनाव में रघुबीर सिंह खिंडा प्रधान निर्वाचित हुए हैं। संजीव गर्ग उपप्रधान, मोनिका महिला उप्रप्रधान, कपिल देव सचिव निर्वाचित हुए हैं। जबकि संयुक्त सचिव पद पर संतोष कटारिया पहले ही निर्विरोध चुनी जा चुकी है। प्रधान पद को लेकर इस बार छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे, जिनमें आदित्य राठौड़, रघुबीर खिंडा, गुररतनपाल किंगरा, भूपेंद्र खट्टर, गंगाराम ढाका व सुरेंद्र जाखड़ शामिल थे। रघुबीर सिंह खिंडा को 585 वोट हासिल हुए, जबकि प्रतिद्वंद्वी आदित्य राठौड़ को 303, भूपेंद्र खट्टर को 236, गंगाराम ढाका को 121, गुररतनपाल किंगरा को 198 व सुरेंद्र जाखड़ को मात्र 5 वोट हासिल हुए। सचिव पद के लिए कपिल देव, दर्शन छाबड़ा व गुरतेज बराड़ में मुकाबला हुआ और कपिल देव ने बाजी मारी। उपप्रधान के लिए विकास ढिल्लो व संजीव गर्ग के बीच मुकाबला हुआ जिसमें संजीव गर्ग ने बाजी मारी। महिला उपप्रधान पद (आरिक्षत) के लिए मोनिका शर्मा व अमनदीप कौर के बीच मुकाबला है, जिसमें मोनिका शर्मा विजयी रही। जबकि संयुक्त सचिव पद पर संतोष कटारिया पहले ही निर्विरोध चुनी जा चुकी है। चुनाव प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक चली। इसके बाद परिणाम घोषित किए। चुनाव को लेकर दिनभर जिला बार में काफी चहल पहल रही। उल्लेखनीय है कि 1567 सदस्य हैं, जिनमें से 1453 सदस्यों ने चुनाव में भाग लिया।
डबवाली में प्रधान पद के उम्मीदवारों को मिले बराबर मत
डबवाली बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार बेहद रोमांचक परिणाम सामने आए। एडवोकेट देवेंद्र गिलहोत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधान पद के लिए एडवोकेट राजपाल सिंह सिद्धू और एडवोकेट काली देवी तरगोत्रा के बीच कांटे का मुकाबला रहा। दोनों प्रत्याशियों को 126-126 वोट मिले। दोनों उम्मीदवारों को बराबर मत मिलने के बाद आपसी सहमति से 6-6 माह प्रधान पद की जिम्मेदारी संभालने का निर्णय लिया गया। इसके तहत पहली बार डबवाली बार एसोसिएशन में महिला एडवोकेट काली देवी तरगोत्रा प्रधान पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं अतिरिक्त उपप्रधान पद के लिए भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। रूकसार खान ने 131 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि शीला महारूद्रा को 121 वोट मिले। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma