जींद : रेलवे ओवरब्रिज के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद व भाजपा नेता हुए आमने-सामने

 


जींद, 21 जून (हि.स.)। जुलाना कस्बे की परशुराम धर्मशाला में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान जुलाना में बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच श्रेय लेने की होड़ देखने को मिली। सोनीपत से कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी और हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी रेलवे ओवरब्रिज के मुद्दे पर आमने-सामने आ गए। जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम का माहौल गर्मा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि जुलाना में रेलवे ओवरब्रिज की मांग को लेकर उन्होंने कई बार संसद में आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की कार्यवाही देखकर इसकी पुष्टि की जा सकती है।

सांसद ने कहा कि जुलाना में रेलवे फाटक पर अक्सर लंबा जाम लगता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि रेलवे मंत्रालय ने उनकी मांग को स्वीकार किया है। उन्होंने दावा किया कि रेल मंत्री की ओर से जारी पत्र में भी इस मांग को मंजूरी दिए जाने का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

वहीं हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी ने सांसद के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने पहले ही इस परियोजना को मंजूरी दे दी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 19 जुलाई 2025 को रेलवे ओवरब्रिज की मांग को स्वीकृति प्रदान कर दी थी। बैरागी ने बताया कि फिलहाल कुछ औपचारिक प्रक्रियाएं शेष हैं, जिन्हें पूरा होते ही आगामी दो माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसी दौरान सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के भाई वजीर गांगोली मंच पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज से संबंधित अंतिम मंजूरी केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती है तथा राज्य सरकार इसे अकेले मंजूर नहीं कर सकती। इस मौके पर पूर्व सांसद रमेश कौशिक, बादली विधायक कुलदीप वत्स, वृंदा शर्मा, प्रधान देवेंद्र शर्मा, त्रिलोकी शर्मा, रामफल शर्मा, सतपाल कौशिक आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा