मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का आंदोलन 35वें दिन भी जारी, दो छात्र सात दिन से भूख हड़ताल पर

 


नूंह, 05 नवंबर (हि.स.)। नूंह के पल्ला गांव स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों और शिक्षकों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार काे आंदोलन 35वें दिन में प्रवेश कर गया। कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी लंबे समय से लंबित वेतन, महंगाई भत्ते और पदोन्नति का लाभ देने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। वहीं, छात्र कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं की कमी, आधुनिक प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, बेहतर लाइब्रेरी और जर्जर छात्रावासों की मरम्मत की मांग उठा रहे हैं। अपनी मांगों को लेकर कॉलेज के दो छात्र हुजैफा और अरबाज पिछले सात दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।

आज आंदोलन को समर्थन देने के लिए हर्ष छिकारा, कॉकरोच जनता पार्टी के मोहम्मद जुनैद और लोहारू से कांग्रेस विधायक राजबीर सिंह फर्टिया सहित कांग्रेस के अन्य नेता धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान हर्ष छिकारा ने कॉलेज प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रशासक जाकिर हुसैन को छात्रों के बीच आकर जवाब देना होगा और कॉलेज का पूरा हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासक छात्रों के बीच आकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करते, तब तक वह भी इन्हीं छात्रों के बीच धरना स्थल पर रहेंगे।

लोहारू से कांग्रेस विधायक राजबीर सिंह फर्टिया ने कहा कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र अपने शिक्षा के अधिकार और बेहतर भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार को कॉलेज की स्थिति और यहां उठाई जा रही मांगों की तत्काल प्रभाव से जांच करानी चाहिए। सात दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्रों के स्वास्थ्य और उनकी मांगों को लेकर भी सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरे मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा, ताकि छात्रों और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हो सके।

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के मोहम्मद जुनैद ने कहा कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में पिछले 35 दिनों से आंदोलन चल रहा है। उन्हें इसकी जानकारी देरी से मिली, लेकिन जानकारी मिलने के बाद वह छात्रों के बीच पहुंचकर उनके समर्थन में खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के छात्र केवल बेहतर शिक्षा व्यवस्था और अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं। जुनैद ने कहा कि आज जो भी अपने हक की बात करता है और अपनी आवाज उठाता है, उसे जेन-जी का दर्जा दे दिया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया