पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की उल्टी गिनती शुरू:नायब सिंह सैनी

 


-आप पार्टी मुखिया केजरीवाल का भी ईमानदारी का चोला उतरा

-पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर एक भी नशा बेचने वाला नहीं मिलेगा

चंडीगढ़, 13 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि राज्य में उनकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। अबोहर नगर निगम चुनावों में भाजपा की शानदार जीत प्रदेश में आगामी बदलाव की शुरुआत है। अगले विधानसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी,उसके बाद नशा बेचने वाला एक भी व्यक्ति नहीं मिलेगा।

मुख्यमंत्री सैनी शनिवार को पंजाब के अबोहर में आयोजित एक विशाल 'ओबीसी महासम्मेलन' को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लो, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में पंजाब की वीर और देशभक्त भूमि को नमन करते हुए यहां के किसानों, व्यापारियों, युवाओं और माताओं के योगदान को सराहा। उन्होंने पंजाब सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताते हुए कहा कि महिलाओं को 1,000 रुपए देने की योजना सिर्फ एक राजनीतिक हथकंडा साबित हुई, जिसका अब तक पंजीकरण भी शुरू नहीं हुआ। उन्होंने पंजाब सरकार पर अबोहर के साथ घोर राजनीतिक उपेक्षा का आरोप लगाया और कहा कि इस नगर निगम को मात्र 5 करोड़ रुपए देकर यहां की जनता का अपमान किया गया है, जबकि इससे ज्यादा फंड तो हरियाणा सरकार ने अपने छोटे से छोटे गांव को दिया है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि आप पार्टी को अहसास हो चुका है कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में उनकी सत्ता नहीं रहेगी इसलिए कुछ लोग दोनों हाथों से पंजाब को लूटने में लगे हुए हैं। उन्होंने आप पार्टी को लुटेरों की टोली बताया और कहा कि इनके मुखिया केजरीवाल का भी ईमानदारी का चोला उतर चुका है।

उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के उस बयान का हवाला दिया जिसमें मान ने पंजाब में 5 साल में 65 हजार नौकरियां देने की बात कही है, इस पर सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 55 हजार नौकरियां तो पिछले एक साल में ही अपने प्रदेश के युवाओं को दे दी हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगे कहा कि जब से देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में आई है,तब से सामाजिक न्याय को केवल नारे के रूप में नहीं, बल्कि नीति और नियत दोनों के रूप में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उनके मंत्रिमंडल में 27 ओ.बी.सी. मंत्री हैं। आज देश के भाजपा शासित 5 राज्यों में ओ.बी.सी. समाज के मुख्यमंत्री हैं। यह पूरे ओ.बी.सी. समाज के गौरव और सम्मान का प्रतीक है।

हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने इस सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में कई गांवों में जाने का अवसर मिला है , युवा नशे के दुष्चक्र में फंसे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा