नूंह पुलिस ने गाेकशी के आरोप में छह युवक पकड़े

 

नूंह, 06 जून (हि.स.)। जिले में गोकशी से जुड़े अपराधों पर कार्रवाई करते हुए नूंह पुलिस ने गोकशी के चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम निवासी जाड़ोली, जावेद निवासी नगला जमालगढ़, कासिम निवासी नगला जमालगढ़ तथा यूनुस, यूसुफ और फकरुद्दीन निवासी जाड़ोली के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गौवंश से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गोकशी से संबंधित मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नूंह पुलिस का कहना है कि जिले में गोकशी और पशु तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया