कैथल: पूंडरी मंडी में धान खरीद को लेकर किसानों का प्रदर्शन
कैथल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की पूंडरी मंडी में धान की खरीद सुचारू रूप से नहीं होने और किसानों को आ रही विभिन्न परेशानियों को लेकर बुधवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट के नेतृत्व में किसानों ने पूंडरी स्थित हैफेड कार्यालय पर तालाबंदी कर जिला प्रबंधक हैफेड कैथल और पूंडरी हैफेड मैनेजर के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों ने आरोप लगाया कि पूंडरी मंडी में हैफेड की ओर से धान की खरीद सुचारू रूप से नहीं की जा रही है, जिसके चलते किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। किसानों ने खरीद के नाम पर 200 से 300 रुपये तक की अवैध कटौती किए जाने का भी आरोप लगाया। भाकियू जिलाध्यक्ष गुरनाम फरल ने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई से किसी भी प्रकार की अवैध कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना एडवोकेट ने मांग की कि पूंडरी मंडी के सभी गेट खोले जाएं, ताकि प्रत्येक गेट से किसानों के गेट पास काटे जा सकें और मंडी में धान की आवक तथा खरीद व्यवस्था सुचारू हो सके। उन्होंने कहा कि बाहर के राइस मिलर्स को आरओ (रिलीज ऑर्डर) जारी कर पूंडरी मंडी में खरीद की अनुमति दी जानी चाहिए ताकि किसानों को पर्याप्त खरीदार मिल सकें और मंडी में खरीद व्यवस्था पर दबाव कम हो।
किसानों ने पूंडरी हैफेड मैनेजर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए तबादले की मांग की।
किसानों ने एसडीएम के समक्ष कैथल हैफेड के जिला प्रबंधक और पूंडरी हैफेड मैनेजर की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें रखीं तथा खरीद व्यवस्था में सुधार और उचित कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया। किसानों ने कहा कि जब तक मंडी में धान की खरीद व्यवस्था सुचारू नहीं होती और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे