हरियाणा में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ
चंडीगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, तथा सभी जिलों के उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में कार्यक्रमों की तिथियां और कार्ययोजना को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी निर्धारित किए जाएं तथा प्रत्येक कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर से कार्यक्रमों की प्रगति की नियमित रिपोर्ट ली जाए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर, नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका और महाग्रामों में भी सेवा शिविर लगाए जाएं। इन सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों की विवरण संबंधी शिकायतों का निपटान, नए लाभार्थी जोड़ने जैसे कार्य मौके पर ही किए जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन सेवाओं का लाभ मौके पर ही दिया जाए, किसी भी नागरिक को शिविर में आने के बाद कार्यालय के चक्कर न काटने पड़े।
मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा और उच्चतर शिक्षा विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएं। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। जिला और स्कूल स्तर पर बेहतर गतिविधियों एवं नवाचारों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाए। अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की माइक्रो प्लानिंग करें। कार्यक्रमों की तिथियां इस प्रकार निर्धारित की जाएं ताकि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा गतिविधियों में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर हर कार्यक्रम की ठोस योजना बनाई जाए और अभियान को गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के साथ ही महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे, जिससे योजना का लाभ और अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी अवसर पर श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों को भी लाभ प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे तथा कार्यक्रम के दौरान उन्हें योजनाओं से जोडऩे के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा