जींद : नायब सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र का करवा रही एक समान विकास : रामकुमार गौतम

 


जींद, 29 मार्च (हि.स.)। सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा है कि नायब सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सफीदों क्षेत्र को भी इसका पूरा लाभ मिलेगा। सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के सहयोग से चार अप्रैल को होने वाली रैली न केवल सफल होगी बल्कि सफीदों को विकास की नई पहचान भी दिलाएगी और आने वाले समय में विकास में नया अध्याय जुड़ेगा।

सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में मुख्यमंत्री नायब सैनी की चार अप्रैल को होने वाली रैली का निमंत्रण देने के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। विधायक रामकुमार गौतम ने यह भी कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और मांगों की एक व्यवस्थित सूची तैयार करें। इस सूची को रैली के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। यह अवसर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि आगामी चार अप्रैल को सफीदों की नई अनाज मंडी में भव्य विकास रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगे। इस रैली में मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात देंगे। जिसके पूरे होने विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। ग्रामीणों में इस रैली को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मौके पर वन नेशन वन इलेक्शन के प्रदेश संयोजक विजय पाल सिंह एडवोकेट, पूर्व विधायक कली राम पटवारी, सुखदेव बुआना सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा