हिसार : पेयजल की बर्बादी रोकने को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जारी किए नोटिस

 


अभियान चलाकर की कनेक्शनों की जांच, लोगों को थमाए नोटिस

हिसार, 08 जून (हि.स.)। लगातार बढ़ती गर्मी व पेयजल की तंगी को देखते हुए जन

स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल की बर्बादी रोकने और जल आपूर्ति व्यवस्था को

सुचारू बनाने के उद्देश्य से उकलाना के गांव खैरी में अभियान चलाया। विभाग की टीम ने

गांव में निरीक्षण कर अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई लोगों को नोटिस

जारी किए। साथ ही खुले प्लॉटों और अन्य स्थानों पर चल रहे अवैध कनेक्शनों को मौके पर

ही काट दिया। अभियान का नेतृत्व कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने किया।

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने गांव का दौरा कर जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण

किया, और ऐसे स्थानों की पहचान की जहां पेयजल का दुरुपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों

ने उन उपभोक्ताओं को चेतावनी दी जो पाइप खोलकर वाहनों की धुलाई कर रहे थे, गलियों में

पानी बहा रहे थे और टंकियों को ओवरफ्लो होने तक खुला छोड़ रहे थे। विभाग ने स्पष्ट

किया कि पेयजल की बर्बादी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन

करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक घर

तक समान रूप से पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर अवैध कनेक्शनों

और पानी की अनावश्यक बर्बादी के कारण अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी

नहीं मिल पाता। इस अभियान से पानी की चोरी और दुरुपयोग पर अंकुश लगेगा, जिससे टेल एंड

यानी अंतिम छोर तक रहने वाले उपभोक्ताओं को भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो

सकेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझें और

पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर