नमो सेवा पोर्टल से सेवा कार्यों से जुड़ेंगे आमजन और सामाजिक संगठन

 




मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने किया लांचचंडीगढ़, 14 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पंचकमल पंचकूला में ‘नमो सेवा पोर्टल’ का शुभारंभ किया। सेवा संकल्प अभियान के दौरान यह पोर्टल आमजन, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा स्वयंसेवकों को सेवा गतिविधियों से जोड़ने में सेतु का काम करेगा।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता द्वारा लांच किए गए नमो सेवा पोर्टल के माध्यम से इच्छुक नागरिक अपने मोबाइल नंबर के जरिए पंजीकरण कर सेवा कार्यों से जुड़ सकेंगे। www.bjpharyananamosewa.com पोर्टल पर अभियान के सभी 12 कार्यक्रमों के साथ-साथ 25 सेवा कार्यों की जानकारी दी गई है, जिसमें कोई भी नागरिक अपनी उपलब्धता अनुसार किसी भी सेवा कार्य मे अपनी भागीदारी कर सकता है। पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत स्वयंसेवक अथवा नागरिक को सभी कार्यक्रमों को लेकर लेटेस्ट अपडेट मिलती रहेगी। स्वयंसेवक अपनी पसंद के कार्यक्रम में भाग लेने की सहमति दे सकेंगे और कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे।पोर्टल पर स्वयंसेवक अपनी प्रोफाइल, सेवा कार्यों में भागीदारी, उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी देख सकेंगे। कार्यक्रम पूरा होने के बाद उन्हें सहभागिता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया जा सकेगा। साथ ही रेफरल सुविधा के माध्यम से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का अवसर मिलेगा। भाजपा आईटी विभाग हरियाणा द्वारा तैयार किया गया ‘नमो सेवा पोर्टल’ सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का डिजिटल माध्यम बनेगा। इसके जरिए सेवा गतिविधियों की जानकारी, सहभागिता और संवाद को एक ही मंच पर लाने का प्रयास किया गया है।स्वयंसेवक संगठन की घोषणाओं और अपडेट से भी सीधे जुड़े रह सकेंगे। भाजपा आईटी प्रमुख आदित्य चावला ने बताया कि नमो सेवा पोर्टल वेबसाइट के साथ-साथ जल्द ही प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध हाेगा।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा