जींद : जीवन हत्याकांड में मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर बंद रहे तीन टोल

 




जींद, 14 अगस्त (हि.स.)। जीवन हत्याकांड में मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को दिल्ली-पटियाला हाइवे स्थित खटकड़ में टोल फ्री करवाया। वहीं नरवाना में बद्दोवाल टोल प्लाजा पर पिल्लूखेड़ा के जामनी चौक पर भी जींद-सफीदों चौक पर जाम लगा दिया। लगभग दो घंटे लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

लोगों का कहना था कि सरकार मृतक को इंसाफ दिलाने में नाकाम रही है। खापें इंसाफ की मांग कर रही हैं। उन्होने मांग कि मृतक के परिवार को इंसाफ दिलाया जाए। जाम के दौरान पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी पुलिसबल के साथ मौके पर बने रहे। हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खापों के प्रधानों व ग्रामीणों ने दिल्ली-पटियाला हाईवे स्थित खटकड़ टोल प्लाजा को पूरी तरह बंद रखा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टोल की लाइनों के बीच बैठ कर धरना दिया। टोल बंद होने के कारण वाहनों को बड़ौदा, झांज से लिंक रोड बड़ौदी के रास्ते डायवर्ट किया गया।

धरने के दौरान उचाना की तरफ से आ रही एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए प्रदर्शनकारी धरने से उठ गए और एंबुलेंस को सुरक्षित तरीके से निकलने दिया। इसके बाद दोबारा धरना शुरू किया गया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जीवन कुंडू हत्याकांड का मुख्य आरोपित आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि हिसार धरना कमेटी की ओर से जो भी फैसला लिया जाएगा, खापों और ग्रामीणों का पूरा समर्थन उसके साथ रहेगा। इस मौके पर हरिकेश काब्रच्छा, कैप्टन वेदप्रकाश बरसोला, ओमप्रकाश कंडेला, कैप्टन भूपेंद्र जागलान, सतबीर कसूहन, रणधीर श्योकंद सहित अनेक किसान नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा