कैथल: दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में कैथल में इनेलो युवा इकाई का प्रदर्शन
कैथल, 24 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की युवा इकाई ने कैथल में विरोध प्रदर्शन किया। युवा नेता अमनदीप माजरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष मार्च निकालकर घटना की निंदा की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन की शुरुआत जवाहर पार्क से हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता, छात्र और इनेलो पदाधिकारी एकत्र हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर जवाहर पार्क से पिहोवा चौक तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा छात्रों के अधिकारों के समर्थन में आवाज उठाई गई। मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
पिहोवा चौक पहुंचने पर इनेलो के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार के माध्यम से प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों व पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई।
इनेलो के जिला अध्यक्ष अनिल तंवर ने कहा कि छात्रों के साथ कथित मारपीट और लाठीचार्ज लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उनका कहना था कि यदि कोई अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करता है तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए, न कि बल प्रयोग किया जाना चाहिए।
युवा नेता अमनदीप माजरा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने और विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों पर संवाद करने के बजाय उनके खिलाफ बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
प्रदर्शन में इनेलो युवा इकाई के जिला संयोजक मोनी बालू, जिला अध्यक्ष अनिल तंवर, ओबीसी जिला अध्यक्ष सोनू वर्मा, संजीव शर्मा बाता, सतीश गर्ग सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र और समर्थक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे