यमुनानगर:पैसों के विवाद में की थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 26 मई (हि.स.) यमुनानगर में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लॉट के भुगतान को लेकर चल रहे विवाद ने हत्या की वारदात का रूप ले लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

डीएसपी रजत गुलिया ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल नगर निवासी गुलजार सिंह के रूप में हुई है। जांच के अनुसार आरोपी ने करीब तीन वर्ष पहले मृतक कलीराम से लगभग 3 लाख 90 हजार रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। सौदे के दौरान उसने 2 लाख 30 हजार रुपये अग्रिम दिए थे, जबकि शेष राशि बाद में देने पर सहमति बनी थी। पुलिस के मुताबिक कलीराम ने पूरी रकम मिलने के बाद ही रजिस्ट्री कराने की बात कही थी।

इसी बीच आरोपी प्लॉट पर रहने लगा। बाद में उसने 1 लाख 30 हजार रुपये और दिए, लेकिन करीब 30 हजार रुपये बाकी रह गए। इसी बकाया राशि को लेकर दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक द्वारा बार-बार भुगतान मांगने और कथित रूप से अपमानित किए जाने से वह नाराज था। 15 मई को वह कलीराम के कार्यालय पहुंचा, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई।

इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे कलीराम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद कार्यालय से खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार