पलवल में 850 करोड़ से सीवरेज व पेयजल व्यवस्था होगी सुदृढ़ : गौरव गौतम

 


पलवल, 06 अप्रैल (हि.स.)। शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पलवल में 850 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं की आधारशिला हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने रखी। इनका मुख्य उद्देश्य शहर की सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।

मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को बताया कि जिला मुख्यालय पलवल में पहली बार इतने बड़े स्तर पर सीवरेज प्रणाली को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 332 करोड़ रुपये की लागत से पूरे शहर में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त करीब 522 करोड़ रुपये की लागत से रैनीवेल परियोजना के माध्यम से जल आपूर्ति नेटवर्क को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पलवल के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी, जिससे वर्षों पुरानी जल निकासी और पेयजल समस्याओं का स्थायी समाधान संभव होगा।

मंत्री ने कहा कि रेलवे लाइन के दूसरी ओर बसे क्षेत्रों में जल निकासी और मीठा पानी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार इन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्यों के दौरान धैर्य बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।

गौरव गौतम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और जनता को अनावश्यक परेशानी न हो। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय तनेजा ने बताया कि परियोजना के तहत शहर में नई जलापूर्ति और सीवरेज पाइप लाइन बिछाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त गलियों को पूरी तरह से पुनर्स्थापित किया जाएगा। कच्ची गलियों को पक्का कर आवागमन योग्य बनाया जाएगा, जबकि पक्की गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। पुराने जल कनेक्शनों को नि:शुल्क पुनर्स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी, पार्षद संजय छाबड़ा, इंद्रपाल शर्मा, ओपी दलाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग