सिरसा: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर में हुए कार्यक्रम
सिरसा, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिलेभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भाजपा कार्यलय में भी हवन यज्ञ कर प्रधानमंत्री की दीघार्यु की कामना की गई। सामाजिक, धार्मिक व शैक्षणिक संस्थानों में हवन यज्ञ किया गया। वहीं सिरसा व डबवाली के नागरिक अस्पतालों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।
मार्केट कमेटी सिरसा के वाइस चेयरमैन जनकराज शेेरपुरा ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में स्वस्थ भारत अभियान को जनआंदोलन बनाया, 50 करोड़ से अधिक गरीबों के बैंक खाते खुलवाए, उज्जवल योजना ने करोड़ों महिलाओं को धुंए से मुक्ति दिलाई, आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बनी, 2017 से जीएसटी के रूप में एक राष्ट्र एक कर को लागू किया, जम्मू कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया, तीन तलाक को गैरकानूनी घोषित किया तथा अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण करवाया।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत उपमंडल नागरिक अस्पताल डबवाली, ऐलनाबाद तथा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता एवं जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध करवाना है।
वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत गकुरुवार को जिलाभर के स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेरे सपनों का भारत विषय पर आधारित प्रतियोगिता में हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पतली डाबर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत 2047, नशा मुक्त भारत, पर्यावरण संरक्षण तथा भारत की समृद्ध विरासत जैसी थीम पर चित्र बनाए। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला कृतियों को प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। इन चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित भारत के संकल्प, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma