मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का आंदोलन 40 वें दिन भी जारी, बार एसोसिएशन ने दिया समर्थन
नूंह, 10 नवंबर (हि.स.)। नूंह के पल्ला गांव स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज (वक्फ) में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। आंदोलन 40 वें दिन में प्रवेश कर गया। वहीं, कॉलेज के दो विद्यार्थी हुजैफा और अरबाज पिछले 10 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलन को उस समय समर्थन मिला, जब नूंह बार एसोसिएशन ने कॉलेज पहुंचकर शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मांगों का समर्थन किया और सरकार से जल्द समाधान कराने की मांग उठाई।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष समीम बदरपुर ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। कॉलेज के प्रोफेसरों और कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है, जबकि विद्यार्थी भी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान में इस तरह की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे दोनों विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए जल्द कदम उठाने चाहिए। यदि विद्यार्थियों को किसी प्रकार का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी। वहीं, ताहिर हुसैन देवला एडवोकेट और इरशाद एडवोकेट पुनहाना ने कहा कि हुजैफा और अरबाज पिछले 10 दिनों से अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को लेकर सभी चिंतित हैं।
कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी बकाया वेतन, महंगाई भत्ता और पदोन्नति का लाभ देने की मांग कर रहे हैं। वहीं, विद्यार्थियों की प्रमुख मांगों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाओं का विकास, बेहतर लाइब्रेरी, जरूरी बुनियादी संसाधन और जर्जर छात्रावासों की मरम्मत शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया