नई जनगणना के बाद पृथला को उपमंडल बनाने पर होगी कार्यवाही
चंडीगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पृथला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते पृथला को उपमंडल का दर्जा प्रदान करने के लिए नई जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाया जाएगा। पृथला के विधायक रघुवीर तेवतिया ने शुक्रवार को विधानसभा में यह मुद्दा उठाया। इसके जवाब में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि राज्य पुर्नगठन समिति की बैठक में 30 सितंबर 2025 को एक आवेदन पर प्रस्ताव रखा गया था। इस बैठक में कोई निर्णय नहीं हो सका। यह मामला अभी तक विचाराधीन है।
तेवतिया ने कहा कि पृथला की जनसंख्या बीस हजार से अधिक है। इसे विधानसभा का दर्जा दिया गया है। इसके बावजूद यहां के कई गांव फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल तथा भडख़ल के साथ जोड़े गए हैं, जिस कारण लाखों लोग परेशान हो रहे हैं। तेवतिया ने कहा कि जिला फरीदाबाद के 70 गांव पृथला विधानसभा में आते हैं। विपुल गोयल ने कहा कि यह मामला संवेदनशील है। एक जनवरी से जनगणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जनगणना के नए आंकड़े आने के बाद इस मामले में अगली कार्यवाही शुरू की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा