जींद: मन की बात भारतीय समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम : डा. अर्चना गुप्ता

 


जींद, 29 नवंबर (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने रविवार को सफीदों विधानसभा के बूथ नंबर 58 पर पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात का 140वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम दुनिया का सबसे बड़ा जनसंवाद मंच बनकर भारतीय समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बना है। इस कार्यक्रम ने भारतीय समाज पर गहरा और दूरगामी प्रभाव डाला है। सामाजिक कुरीतियों को कम करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, वहीं समाज के रचनात्मक एवं प्रगतिशील वर्ग को निरंतर नई प्रेरणा मिली है। इसके माध्यम से उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामान्य नागरिकों को राष्ट्रीय पहचान भी मिल रही है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने नशे की गिरफ्त से बाहर निकले एक युवा की संघर्षपूर्ण व प्रेरणादायी कहानी देशवासियों के साथ साझा की। यह कहानी नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं को विश्वास दिलाती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, उचित उपचार और सामाजिक सहयोग से इस चुनौती पर विजय प्राप्त की जा सकती है। नशामुक्त हरियाणा के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संचार साथी डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से साइबर ठगी की रोकथाम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके अतिरिक्त आईगाट कर्मयोगी के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास, भारतीय संग्रहालयों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों, स्वदेशी उत्पादों के बढ़ते निर्यात व खेल जगत में भारत की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। प्रदेशाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान, नियमित व्यायाम और खाद्य तेल की खपत में 10 प्रतिशत कमी लाने के आह्वान को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा