फतेहाबाद : प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर शिक्षा विभाग का आश्वासन, स्कूलों में दूर होगी अध्यापकों की कमी

 




फतेहाबाद, 09 सितंबर (हि.स.)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला फतेहाबाद के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला प्रधान योगेंद्र वर्मा की अगुवाई में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान शिक्षक नेताओं ने प्राथमिक शिक्षकों और प्राथमिक विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं व मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा। मुलाकात के दौरान राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य चेयरमैन देवेंद्र दहिया ने पिछले 15 वर्षों से लंबित जेबीटी अध्यापकों की वरिष्ठता सूची तुरंत प्रभाव से जारी करने की प्रमुख मांग रखी। इस पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई ने संघ को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर वरिष्ठता सूची जारी कर दी जाएगी।जिला वरिष्ठ उपप्रधान भजन कंबोज व राकेश मदान ने मांग उठाई कि जिन अध्यापकों ने 12वीं में अंक सुधार कर 50 प्रतिशत की शर्त पूरी कर ली है, उनके एसीपी मामले जिला कार्यालय मंगवाकर तुरंत मंजूर किए जाएं। इस पर डीईईओ ने बताया कि इस विषय पर निदेशालय से मार्गदर्शन मांगा गया है कि एसीपी कब से दी जानी है। जिला संरक्षक सुरेंद्रपाल नैन ने पिछले तीन महीने से विलंबित मिड-डे मील कुकिंग कॉस्ट का बजट जारी करने की बात कही। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुक की सैलरी का बजट खंड शिक्षा अधिकारियों को 10 दिन पहले ही जारी किया जा चुका है। केवल टोहाना व रतिया खंड कार्यालयों से अभी तक यह बजट स्कूलों को अलॉट नहीं किया गया है, जिसे जल्द पूरा करवाया जाएगा।जिला महासचिव अनूप गोरा ने मांग रखी कि जिन प्राथमिक विद्यालयों में सेवादार नहीं हैं, वहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए 8 हजार प्रति माह की बजट राशि हर विद्यालय को दी जाए। इसके अलावा, शिक्षक नेताओं ने मांग उठाई कि शैक्षणिक स्टाफ की कमी वाले स्कूलों में जिले के सरप्लस शिक्षकों को अस्थायी रूप से समायोजित किया जाए। इस पर डीईईओ ने आश्वासन दिया कि किसी भी स्कूल में अध्यापकों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, वे एसएमसी से प्रस्ताव बनवाकर बीईओ के माध्यम से जिला कार्यालय भेजें।संघ ने मांग रखी कि एफएलएन प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों की छमाही परीक्षाओं के बाद आयोजित किए जाएं, क्योंकि शिक्षक पहले ही एसआईआर कार्य में व्यस्त रहने के कारण पढ़ाई प्रभावित हुई है। इसके अलावा, आश्रित की आय 9 हजार मानकर चिकित्सा प्रतिपूर्ति मामलों के त्वरित निपटान की मांग पर अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नया नियम घोषणा की तिथि से ही लागू होगा और पुराने मेडिकल बिलों पर लागू नहीं होगा।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने संघ की सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का भरोसा दिया। इस शिष्टमंडल में फतेहाबाद खंड प्रधान अशोक कुमार, भट्टू खंड प्रधान दलीप छाबा, भूना खंड प्रधान सुभाष सेहरावत, सतबीर गिल, दिनेश मेहता, सुनील सांगवान, संदीप कुमार सहित अनेक शिक्षक नेता मुख्य रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा