जींद में डेयरी संचालकों का फैसला, 100 रुपये किलो बेचेंगे भैंस का दूध

 


जींद, 30 अगस्त (हि.स.)। जुलाना कस्बे की अग्रवाल धर्मशाला में रविवार को डेयरी संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डेयरी संचालक एसोसिएशन के प्रधान मनोज ने की। बैठक में बढ़ती महंगाई और डेयरी कारोबार में बढ़ रही लागत को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान डेयरी संचालकों ने सर्वसम्मति से दूध और घी के नए भाव निर्धारित करने का निर्णय लिया।

प्रधान मनोज ने कहा कि पिछले कुछ समय से पशुओं के चारे और अन्य सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। भैंसों को खिलाई जाने वाली खल का कट्टा पहले करीब 1800 रुपये में मिलता था लेकिन अब इसके भाव बढ़कर करीब तीन हजार रुपये प्रति कट्टा हो गए हैं। इसके अलावा सरसों के तेल सहित पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

बढ़ती लागत के कारण डेयरी संचालकों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो रही है। बैठक में डेयरी संचालकों ने विचार.विमर्श के बाद भैंस के दूध का भाव 100 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध का भाव 80 रुपये प्रति लीटर निर्धारित करने का निर्णय लिया। वहीं भैंस के घी का भाव 1500 रुपये प्रति किलोग्राम और गाय के घी का भाव 2500 रुपये प्रति किलोग्राम करने पर सहमति बनी। अगर कोई भी डेयरी संचालक इससे कम भाव में दूध या घी बेचता पाया जाता है तो उसे 21 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। इस मौके पर संजय, कुलजीत, अनिल, मनोज, कुलदीप आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा