हांसी : सरकार ने केवल आंकड़ों का बजट पेश किया, असलियत कोसों दूर : राजेन्द्र सोरखी
हांसी में मेडिकल कॉलेज बनाने की मनोहर लाल खट्टर
की घोषणा बजट से गायब
हांसी, 03 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने
मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा पेश किए गए हरियाणा के बजट को हर वर्ग के लिए निराशाजनक
व कोरी भाषणबाजी बताया है। हर बार की तरह इस बार भी भाजपा सरकार ने पुराने बजट पर लीपा
पोती करके केवल आंकड़ों को घुमा फिरा कर पेश किया है।
पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी
ने मंगलवार काे कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने प्रदेश को 5.56 लाख करोड रुपए के कर्ज में डुबो
दिया है और नया कर्ज लेकर सिर्फ पुराने कर्ज की किस्त चुकाने के लिए ही बजट को तोड़
मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को हांसी में गणतंत्र दिवस के
अवसर पर ध्वजारोहण के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर हांसी में मेडिकल कॉलेज
बनाने की घोषणा करके गए थे, जिसका इस बजट में कोई जिक्र तक नहीं है। उन्होंने कहा कि
हांसी को जिला बनाने की घोषणा तो की गई है किंतु मनोहर लाल खट्टर की घोषणा को कोई तवज्जो
नहीं दी गई। इस घोषणा पर कोई कार्रवाई न होने से हांसी की जनता अपने आप को ठगा महसूस
कर रही है। साथ उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों की तर्ज पर हांसी में भी नवोदय
विद्यालय की स्थापना की जानी चाहिए ताकि हलके के छात्रों का भी इस विद्यालय से लाभ
मिल सके। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट में केवल 6500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं
जबकि पूरे साल महिलाओं को 2100 रूपये प्रति माह देने के लिए लगभग 20 हजार 790 करोड़
रुपए की आवश्यकता होती है। इसका मतलब बजट में केवल 31 प्रतिशत महिलाओं को ही योजना
से लाभ मिलेगा।
राजेन्द्र सोरखी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य
पर भी सरकार का विशेष ध्यान नहीं है। बजट में बहुत कम राशि निर्धारित की गई है। कृषि
पर खर्च केवल 4.8 प्रतिशत है जबकि राज्य की 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। बजट
में उद्योग और रोजगार सृजन पर सरकार पूरी तरह चुप रही और पहले से स्थापित उद्योग भी
पलायन कर रहे हैं। बजट में हर वर्ग को निराश किया गया है। यह बजट आमजन की अपेक्षाओं
पर खरा नहीं उतरता और केवल दिखावे का ही बजट है। असलियत में यह बजट प्रदेश के किसानों,
युवाओं, व्यापारियों, महिलाओं व श्रमिकों के लिए पर्याप्त नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर