नूंह: गो-तस्करी की आरोपी महिला गिरफ्तार
नूंह, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिला नूंह में गो-तस्करी और गोकशी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सीएस स्टाफ नूंह ने थाना आकेड़ा में दर्ज गोकशी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है।
बुधवार को थाना आकेड़ा में अगस्त माह में हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौ-संवर्धन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। सीएस स्टाफ नूंह की टीम 14 अगस्त को गांव खेड़ला रोड के नजदीक बाई अड्डा पर गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव बाई निवासी कुछ लोग मिलकर गोकशी का काम करते हैं तथा मकसूद के मकान में दो गोवंश का वध कर उनके मांस को शादी समारोह में सप्लाई करने की तैयारी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मकान के अंदर मौजूद पांच पुरुष और पांच महिलाएं भागने लगे। पुलिस ने मौके से सलमान उर्फ पोतू को काबू कर लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे और कीकरों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, मौके से तीन प्लास्टिक कट्टों में करीब 300 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, दो कुल्हाड़ी, चार छुरी, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, दो लकड़ी के गुटके और एक दाब बरामद किया गया। बरामद मांस का पशु चिकित्सक से मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान 14 अगस्त को आरोपी सलमान उर्फ पोतू तथा 26 अगस्त को आरोपी महिला मुनफीदा उर्फ फीदा को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब इसी मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को तीसरी आरोपी महिला सायना उर्फ सन्ना निवासी गांव बाई, थाना आकेड़ा, जिला नूंह को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया