सोनीपत: शादी की वर्षगांठ से पहले गर्भवती विवाहिता की मौत, मामला दर्ज
सोनीपत, 15 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
में शादी की पहली वर्षगांठ से पहले एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में
मौत हो गई। मृतका साइमा ने लगभग एक वर्ष पहले ठरू गांव निवासी सावन से प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि
ससुराल पक्ष ने इसे प्राकृतिक मौत बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
है।
मृतका
के भाई सैफ ने बताया कि 12 अप्रैल को गांव के सरपंच का फोन आया, जिसमें कहा गया कि
साइमा (23) के साथ हादसा हो गया है और वह अस्पताल में भर्ती है। कुछ देर बाद पुलिस
का फोन भी आया। जब परिवार सोनीपत अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि साइमा की मौत हो चुकी
है। सैफ का आरोप है कि साइमा को शादी के बाद से दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था।
परिवार ने 50 हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से
प्रताड़ित किया जाता रहा। परिजनों के अनुसार साइमा के शरीर पर चोट के निशान थे और कान
के पीछे नीला निशान दिखाई दिया। वह लगभग पांच माह की गर्भवती थी।
ससुराल
पक्ष की ओर से सास मीना ने कहा कि साइमा शारीरिक रूप से कमजोर थी और उसे अक्सर चक्कर
आते थे। 11 अप्रैल की रात भी उसे चक्कर आए और वह जमीन पर गिर गई। तुरंत अस्पताल ले
जाया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। परिवार ने इसे प्राकृतिक घटना बताया है। सदर
थाना प्रभारी अशोक ने बताया कि सैफ की शिकायत पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया
गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद
मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना