प्रकाश गुरुपर्व पर पाकिस्तान जाने के इच्छुक श्रद्धालु 12 सितंबर तक करें आवेदन

 

चंडीगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर पाकिस्तान में होने वाले धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के इच्छुक सिख श्रद्धालुओं के लिए हरियाणा सरकार ने आवेदन आमंत्रित किए हैं। प्रस्तावित सिख जत्थे में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु 12 सितंबर तक अपने आवेदन हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कुरुक्षेत्र में जमा करा सकेंगे।

सरकार के अनुसार, पाकिस्तान में 22 नवंबर से पहली दिसंबर तक श्रीगुरु नानक देव जी के प्रकाश गुरुपर्व के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें शामिल होने के लिए हरियाणा की सिख संगत से आवेदन मांगे गए हैं। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में प्राप्त आवेदनों को आगे की प्रक्रिया के लिए लिया जाएगा। श्रद्धालुओं की पुलिस वेरिफिकेशन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसी वजह से आवेदन जमा कराने के लिए 12 सितंबर की समयसीमा तय की गई है।

आवेदकों को आवेदन पत्र में सभी आवश्यक विवरण और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। अधूरे आवेदन अथवा निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। समय पर प्राप्त आवेदनों पर लागू नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा