हरियाणा में बिजली निगम लगाएंगे ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन
चंडीगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अब प्रदेश में बिजली निगमों द्वारा ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इससे पहले सरकार बिल्डिंग कोड में बदलाव करके मेट्रो शहरों में नई बनने वाली सोसायटियों में भी ईवी चार्जिंग प्वाइंट की स्थापना को मंजूरी दे चुकी है।
हरियाणा सरकार की तरफ से भी नए वाहनों की खरीद के समय भी इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दिए जाने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं। अब इन वाहनों के लिए चार्जिंग प्वांइट का जाल बिछाया जाएगा।
भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय की पीएम ई-ड्राइव योजना को प्रदेश में लागू किया जाएगा। इसके लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) को राज्य की नोडल एजेंसी बनाया गया है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेशभर में उपयुक्त सरकारी जमीनों की पहचान शुरू कर दी गई है। सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों और एजेंसियों से खाली पड़ी जमीनों का ब्योरा मांगा गया है।
बिजली निगम अपने खुद के कार्यालय परिसरों और भवनों में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगा। इसके लिए ऐसे स्थानों को शॉर्टलिस्ट किया जा रहा है, जहां मुख्य सडक़ से कनेक्टिविटी अच्छी हो और कम से कम 60 वर्गमीटर खाली जगह उपलब्ध हो। सभी मुख्य अभियंताओं (चीफ इंजीनियर्स) को समय रहते इसकी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी दफ्तरों, आवासीय परिसरों, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और राजमार्गों के नजदीक खाली सरकारी जमीन को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशन आम जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। यहां फास्ट चार्जिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ-साथ बस और ट्रक भी चार्ज हो सकेंगे। खास बात यह है कि ये स्टेशन आम जनता के लिए बिना किसी पाबंदी के चौबीसों घंटे खुले रहेंगे। इससे प्रदेश में कार्बन उत्सर्जन कम करने और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने में बड़ी मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा