कैथल: पोल्ट्री फार्म संचालक की गाड़ी से 1.85 लाख रुपये चोरी, नौकर पर आरोप
कैथल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गांव कौल में एक पोल्ट्री फार्म संचालक की गाड़ी से एक लाख 85 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। फार्म संचालक ने अपने ही कर्मचारी पर रुपये चोरी करने का आरोप लगाया है। गुरुवार काे दी शिकायत के आधार पर ढांड थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कौल निवासी शुभम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव में अपने खेतों में पोल्ट्री फार्म बना रखा है। करीब चार साल पहले नेपाल निवासी विकास काम की तलाश में उसके पास आया था। इसके बाद उसने विकास को फार्म पर नौकरी दे दी। कुछ समय बाद विकास अपने पिता और भाई को भी वहां ले आया और तीनों फार्म परिसर में ही रहने लगे। शिकायत के अनुसार, कुछ दिन पहले शुभम अपनी गाड़ी लेकर पोल्ट्री फार्म पर काम देखने गया था। गाड़ी में एक लाख 85 हजार रुपये रखे हुए थे। उसने गाड़ी को फार्म के एक तरफ खड़ा कर दिया और वहीं काम देखने लगा। इसी दौरान विकास की नजर गाड़ी में रखी नकदी पर पड़ गई। आरोप है कि रात करीब नौ बजे विकास गाड़ी में रखे एक लाख 85 हजार रुपये लेकर वहां से निकल गया। वह अपने पिता और भाई को भी साथ ले गया। बाद में शुभम ने अपने स्तर पर तीनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी से रुपये बरामद करवाने और कार्रवाई की मांग की।
ढांड थाना के जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर नेपाल निवासी विकास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे