जींद : कैंटर से डेढ़ सौ किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद, दो काबू
जींद, 09 मई (हि.स.)। गांव घसो कलां बस अड्डे के निकट सीआईए स्टाफ नरवाना ने कैंटर को काबू कर उसमें से 150 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। चूरा पोस्त को मध्य प्रदेश से तस्करी कर पंजाब ले जाया जा रहा था। उचाना थाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों नशा तस्करों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीआईए स्टाफ नरवाना को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से कैंटर में नशीला पदार्थ तस्करी कर पंजाब की तरफ ले जाया जाना है। जिसके आधार पर सीआईए स्टाफ ने जींद-पटियाला नेशनल हाइवे के गांव घसो कलां बस अड्डे पर नाकाबंदी कर जींद की तरफ से आने वाले वाहनों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ समय के बाद पंजाब नंबर का कैंटर आया। जिसको रूकवा कर पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली। जब उन्होंने कैंटर के तिरपाल को हटा कर देखा तो पांच कट्टे चूरा पोस्त के भरे मिले। जिनका वजन 150 किलोग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में कैंटर की ड्राइवर सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान गांव गिंदडविडी जिला लुधियाना (पंजाब) निवासी लवदीप सिंह के रूप में हुई। जबकि उसके बगल में सीट पर बैठे युवक की पहचान उसी गांव के लवप्रीत के रूप में हुई। सीआईए स्टाफ ने चूरा पोस्त समेत कैंटर को कब्जे में ले दोनों आरोपितों को उचाना थाना पुलिस के हवाले की दिया। उचाना थाना पुलिस ने लवदीप तथा लवप्रीत के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। शनिवार को जानकारी देते हुए सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि चूरा पोस्त को मध्य प्रदेश से कंैटर में तस्करी कर पंजाब ले जाया जा रहा था। दोनों आरोपितों से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा