पलवल गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी काबू, हथियार बरामद
पलवल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पातली खुर्द गांव में हुए चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जिसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शहर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने गुरूवार को बताया कि 28 मार्च को गांव निवासी जितेंद्र की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में महिलाओं सहित 27 नामजद व्यक्तियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। आरोप है कि नामजद लोग हथियारों से लैस होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में प्रदीप और सीतू नामक दो व्यक्ति घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी भवनकुंड प्रभारी सहायक उप निरीक्षक हंसराज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिसके दौरान उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दुनाली बंदूक और दो कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और इस प्रकार की घटनाओं में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग